Britain : ब्रिटेन के कैम्ब्रिजशायर में एक ट्रेन में चाकूबाजी की घटना हुई, जिसमें 10 लोग घायल हो गए। अधिकारियों के मुताबिक, इनमें से नौ की स्थिति गंभीर है। घटना के बाद ट्रेन को हंटिंगडन स्टेशन पर रोककर दो संदिग्ध पुरुषों को गिरफ्तार किया गया। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, शाम 7:39 बजे ट्रेन में कई लोगों के घायल होने की सूचना मिली। घटनास्थल पर सशस्त्र अधिकारी पहुंचे और ट्रेन को रोककर संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर ने इस घटना की कड़ी निंदा की और इसे बेहद भयावह बताया। उन्होंने कहा कि उनके विचार पीड़ितों के साथ हैं और आपात सेवाओं के त्वरित प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने लोगों से पुलिस के निर्देशों का पालन करने को कहा।

गृह सचिव शबाना महमूद ने भी घटना पर दुख जताया और लोगों से कहा कि शुरुआती अटकलें न लगाएं। उन्होंने बताया कि संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और उनकी जांच जारी है।
घटना के बाद हंटिंगडन शहर की सड़कें और रेल सेवा प्रभावित हो गईं। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि लोग खून से लथपथ ट्रेन से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे और चिल्ला रहे थे।
ईस्ट ऑफ इंग्लैंड एम्बुलेंस सर्विस ने बड़ी संख्या में एम्बुलेंस, विशेष बचाव दल और एयर एम्बुलेंस मौके पर भेजी। कई घायलों को हवाई मार्ग से अस्पताल पहुंचाया गया।
विपक्ष के शैडो गृह सचिव क्रिस फिल्प ने इसे निर्दयी सामूहिक हमला करार दिया और सरकार और पुलिस से जल्द स्थिति अपडेट देने की अपील की।

