Ranchi : रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए 12 किलो अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए कार की सीटों के पीछे खास तौर पर गुप्त बॉक्स बनवा रखा था। इसी बॉक्स में अफीम के पांच पैकेट छिपाकर रखे गए थे। पुलिस ने कार, दो मोबाइल फोन और चाबी का गुच्छा भी जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक रांची एसएसपी राकेश रंजन को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर बुंडू से भारी मात्रा में अफीम लेकर हजारीबाग की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही रुरल एसपी गौरव गोसेवामी के निर्देश पर डीएसपी (मुख्यालय) प्रथम अमर कुमार पाण्डेय और ओरमांझी थाना प्रभारी मनोज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने रांची-रामगढ़ रोड स्थित एनएच-20 पर भेड़ा पुल के पास वाहन जांच शुरू कर दी।
सीट के पीछे बने बॉक्स में छिपाकर रखी थी अफीम
जांच के दौरान यूपी नंबर की एक सिल्वर रंग की वर्ना कार वहां पहुंची। पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक गाड़ी लेकर भागने लगा। पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर कार को रोक लिया। कार में सवार दोनों युवकों से पूछताछ की गई तो उनके जवाब और हावभाव पर पुलिस को शक हुआ। एनडीपीएस एक्ट के तहत पूरी कानूनी प्रक्रिया अपनाते हुए कार की तलाशी ली गई। जांच के दौरान चालक सीट और उसके बगल वाली सीट के पीछे बने दोनों बॉक्स बंद मिले। आरोपियों में से एक के पास मिली चाबी से जब बॉक्स खोला गया तो पुलिस भी हैरान रह गई। एक बॉक्स से तीन पैकेट और दूसरे बॉक्स से दो पैकेट बरामद हुए। जांच में इन पैकेटों में कुल 12 किलोग्राम अफीम मिली। मौके पर ही जांच किट से इसकी पुष्टि भी की गई।
बिहार और रांची के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय रॉबिन राज और 24 वर्षीय सुखलाल मुण्डा के रूप में हुई है। रॉबिन राज मूल रूप से बिहार के गया जिले का रहने वाला है और फिलहाल ओरमांझी ब्लॉक चौक के पास किराये के मकान में रह रहा था। वहीं सुखलाल मुण्डा रांची जिले के दशमफॉल थाना क्षेत्र का निवासी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि सुखलाल मुण्डा का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ वर्ष 2021 में एससी-एसटी थाना में दुष्कर्म, हत्या, साक्ष्य मिटाने और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज हो चुका है। अब पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस तस्करी के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 12 किलोग्राम अफीम, यूपी नंबर की वर्ना कार, दो मोबाइल फोन और एक चाबी का गुच्छा जब्त किया है। ओरमांझी थाना में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अफीम की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसके पास पहुंचाया जाना था। साथ ही इस पूरे गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।

