New Delhi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे, जहाँ कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं का गमछा लहराकर अभिवादन किया और कार्यकर्ताओं ने भी उत्साह के साथ गमछा लहराकर उनका स्वागत किया।
इस बीच बिहार चुनाव परिणाम में एनडीए को बड़ी जीत मिली है। राज्य की 243 सीटों में से एनडीए गठबंधन ने 202 सीटें हासिल कर रिकॉर्ड बनाया, जबकि महागठबंधन को सिर्फ 34 सीटों पर जीत मिली। बहुमत के लिए 122 सीटों की जरूरत होती है, जिसे एनडीए ने काफी पीछे छोड़ दिया।
एनडीए में भाजपा और जदयू ने 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ा था। परिणाम में भाजपा को 91 सीटें, जदयू को 83 सीटें मिलीं। सहयोगी दलों में LJP को 19, जबकि HAM और RLM को मिलाकर 9 सीटें मिली हैं।

इस जीत पर प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्य ने एनडीए के विकास कार्यों पर भरोसा जताया है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा को शानदार जीत पर बधाई दी।
पीएम मोदी इससे पहले भी कई चुनाव जीत के बाद भाजपा मुख्यालय पहुंच चुके हैं, जिनमें दिल्ली, हरियाणा, महाराष्ट्र और लोकसभा चुनाव शामिल हैं।

