Latehar : JJMP यानी झारखंड जनमुक्ति परिषद के बड़े उग्रवादी नेताओं ने आज लातेहार में आत्मसमर्पण कर दिया। सरेंडर करने वालों में सब-जोनल कमांडर ब्रजेश यादव उर्फ राकेश और एरिया कमांडर अवधेश लोहरा उर्फ रोहित शामिल हैं। इन दोनों ने आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा, लातेहार एसपी कुमार गौरव, सीआरपीएफ 11वीं बटालियन के कमांडेंट यादराम बुनकर और एसएसबी 32वीं बटालियन के कमांडेंट राजेश कुमार के सामने हथियार डाले। मौके पर दोनों उग्रवादियों का स्वागत गुलदस्ता और बुके देकर किया गया। पांच लाख रुपये के इनामी ब्रजेश यादव को प्रतीकात्मक चेक भी सौंपा गया।
पलामू आईजी ने बताया कि लातेहार अब पहले जैसा नहीं रहा। लगातार अभियान और प्रशासन के प्रयासों से 2025 में अब तक 21 नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं। उन्होंने जंगलों में छिपे नक्सलियों से चेतावनी दी कि वे जल्द आत्मसमर्पण करें, अन्यथा कार्रवाई में मारे जाएंगे।
लातेहार एसपी ने कहा कि नक्सलियों के खिलाफ अभियान और आम जनता के सहयोग से उनका हौसला टूट रहा है। JJMP संगठन अब खत्म होने के कगार पर है और केवल 4-5 सदस्य ही बचे हैं। एसपी ने शेष नक्सलियों से अपील की कि वे भी आत्मसमर्पण कर दें।

ब्रजेश यादव गुमला जिले के कठोकटवा गांव के रहने वाला है। करीब 20 वर्षों से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय रहे ब्रजेश पहले माओवादी संगठन से जुड़ा था। 2010 में गिरफ्तार होने के बाद 2018 में जेल से रिहा होकर JJMP जॉइन किया। उसके खिलाफ बिशनपुर और चैनपुर थानों में 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। अवधेश लोहरा लातेहार के बंदुवा गांव के निवासी हैं। उन पर 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वे कई हिंसक घटनाओं में शामिल रहे हैं।
Also Read : देवघर पुलिस ने लूटकांड का किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल बरामद

