Ranchi : चक्रवाती तूफान मोंथा का असर झारखंड में अब काफी कमजोर हो गया है। कुछ दिन पहले जहां राज्य के कई जिलों में भारी बारिश हो रही थी, वहीं अब पिछले 24 घंटे से कहीं भी खास बारिश दर्ज नहीं की गई है। राजधानी रांची में भी आसमान साफ है और धूप निकल रही है।
गोड्डा में सबसे ज्यादा बारिश
झारखंड में अब तक की सबसे अधिक बारिश गोड्डा जिले में दर्ज की गई, जहां 80 मिमी बारिश हुई। वहीं साहिबगंज और पाकुड़ में हल्की-फुल्की बूंदाबांदी देखी गई, जबकि बाकी जिलों में मौसम पूरी तरह साफ बना हुआ है।
अगले 24 घंटे में कहां हो सकती है बारिश
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मोंथा तूफान अब विदर्भ के पूर्वी हिस्से और छत्तीसगढ़ के ऊपर कमजोर हो गया है। यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए अगले 24 घंटों में और कमजोर होगा। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ की सीमा से सटे झारखंड के कुछ जिलों — जैसे रांची और आसपास के इलाके — में हल्की बारिश हो सकती है।

रविवार को प्रमुख शहरों का तापमान और वायु गुणवत्ता (AQI)
| शहर | तापमान (अधिकतम/न्यूनतम) | AQI |
| रांची | 28°C / 19°C | 83 |
| जमशेदपुर | 32°C / 21°C | 90 |
| धनबाद | 29°C / 20°C | 100 |
| बोकारो | 30°C / 21°C | 95 |
आज रहेगा शुष्क मौसम
रांची मौसम केंद्र के अनुसार, आज झारखंड के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। दोपहर में कुछ जगहों पर हल्की फुहारें पड़ सकती हैं, लेकिन ज्यादातर समय आसमान साफ रहेगा और धूप निकलेगी। साइक्लोनिक सर्कुलेशन अब लगभग कमजोर पड़ चुका है।
राज्य में बढ़ने लगी ठंड
झारखंड में अब ठंडक बढ़ने लगी है। शाम के समय चलने वाली ठंडी हवाएं लोगों को स्वेटर और जैकेट पहनने पर मजबूर कर रही हैं। खासकर टू-व्हीलर चालकों को ठंड की वजह से परेशानी हो रही है। शाम के बाद ज्यादातर लोग अब गर्म कपड़ों में नजर आने लगे हैं।
Also Read : मोकामा ह’त्या मामले में जदयू उम्मीदवार अनंत सिंह गिरफ्तार

