Ranchi : झारखंड में ठंड लगातार बढ़ रही है। हिमालय से आने वाली उत्तरी ठंडी हवाओं के कारण कई जिलों में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 15 नवंबर को राज्य के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 8–9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
शुक्रवार को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और आसपास के मध्य क्षेत्रों में कहीं-कहीं शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है। सुबह कोहरा या धुंध रहेगी और दिन में मौसम साफ व शुष्क रहने की उम्मीद है।
शनिवार को जिन जिलों में तापमान 8–9 डिग्री तक गिर सकता है, उनमें कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी और गुमला शामिल हैं।

ठंड बढ़ने के साथ ही बोकारो में कंबल की बिक्री तेज हो गई है। मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी कर लोगों को सुबह-शाम ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। पिछले 24 घंटों में राज्य के पश्चिमी हिस्सों में शीतलहर जैसी स्थिति बनी रही। सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री चाईबासा में और सबसे कम 8.1 डिग्री न्यूनतम तापमान खूंटी में रिकॉर्ड किया गया।
उधर, ठंड बढ़ने के साथ मंदिरों में देवी-देवताओं को गर्म वस्त्र पहनाने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। धनबाद के जोड़ाफाटक श्रीराम मंदिर में देवताओं को शॉल ओढ़ाए गए हैं। शक्ति मंदिर और लक्ष्मीनारायण मंदिर में संध्या आरती का समय बदलकर 6 बजे कर दिया गया है। कई अन्य मंदिरों जैसे भूईफोड़ मंदिर व बाबा भूतनाथ मंदिर में भी ठंड को देखते हुए समय में बदलाव किया जा रहा है।
Also Read : घाटशिला उपचुनाव 2025: कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना शुरू

