Ranchi : झारखंड में ठंड और कनकनी लगातार बढ़ती जा रही है। पिछले 24 घंटे में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और बर्फीली हवाओं से लोगों को परेशानी हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के पश्चिमी हिस्सों में अगले दो दिन तक शीतलहर से राहत मिलने की संभावना कम है।
पिछले 24 घंटे में राज्य का सबसे कम तापमान गुमला में 8.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लोहरदगा (8.6 डिग्री) और खूंटी (9.7 डिग्री) का तापमान भी 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया। रांची और आसपास के जिलों में भी ठंड बढ़ गई है। रांची का न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से करीब 2.5 डिग्री कम है। वहीं, लोहरदगा में 8.6 डिग्री, खूंटी में 9.7 डिग्री, मेदिनीनगर में 10.1 डिग्री, लातेहार में 10.2 डिग्री, हजारीबाग में 10.5 डिग्री, और बोकारो में 11.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
संताल परगना और कोल्हान क्षेत्र के जिलों में भी पारा गिरा है। पूर्वी सिंहभूम में न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जो राज्य में सबसे ज्यादा रहा। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 24 घंटे में भी ठंड का असर बरकरार रहेगा और सुबह-शाम की कनकनी से फिलहाल राहत की उम्मीद नहीं है।

Also Read : होटवार जेल में NIA बंदी चला रहा अवैध कैंटीन, खाना के लिए वसूल रहा मोटी रकम

