Ranchi : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्य पुलिस पर लगाए गए आरोपों पर झामुमो ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी के महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि मरांडी की बयानबाजी पूरी तरह बौखलाहट और निराधार आरोपों का नतीजा है।
मरांडी को नहीं शोभा देता नैतिकता पर भाषण : पांडेय
विनोद पांडेय ने कहा कि जो व्यक्ति अपने कार्यकाल में भ्रष्टाचार और जनविरोधी फैसलों के लिए जाने जाते रहे हों, उन्हें आज नैतिकता और कानून की बातें करना शोभा नहीं देता। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार पारदर्शिता और जनहित के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यहां किसी के खिलाफ कार्रवाई तथ्यों और सबूतों के आधार पर होती है, भाजपा सरकारों की तरह राजनीतिक दुर्भावना से नहीं।
भाजपा झूठ की राजनीति में लगी : झामुमो
पांडेय ने कहा कि भाजपा अब विपक्ष की भूमिका को जिम्मेदारी से निभाने के बजाय अफवाह और झूठ की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि मरांडी के आरोप यह साबित करते हैं कि भाजपा जनता के असली मुद्दों से भटक चुकी है और केवल राजनीतिक लाभ के लिए भ्रम फैलाने का काम कर रही है।

भाजपा शासनकाल की याद दिलाई
विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में झारखंड ने देखा था कि कैसे पुलिस तंत्र का दुरुपयोग कर विरोधियों को डराने और फंसाने का काम किया गया। उस समय निर्दोष आदिवासियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज किए गए। लेकिन आज जब कानून निष्पक्ष रूप से काम कर रहा है, तो भाजपा नेताओं को परेशानी हो रही है।
भ्रष्टाचार पर सख्त है हेमंत सरकार
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार या सत्ता के दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर कोई अधिकारी गलती करेगा, तो जांच और कार्रवाई होगी, लेकिन भाजपा सरकारों की तरह फर्जी मुकदमे नहीं बनाए जाएंगे।
जनता के मुद्दों पर बोलें मरांडी : झामुमो
अंत में प्रवक्ता पांडेय ने कहा कि बाबूलाल मरांडी को चाहिए कि वे जनता के असली मुद्दों पर बोलें, न कि अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए बेबुनियाद आरोप लगाएं। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार जनता के विश्वास पर टिकी है, जबकि भाजपा अब सिर्फ झूठ और भ्रम के सहारे राजनीति कर रही है।
Also Read : झारखंड में सारे गैरकानूनी खेल हेमंत सोरेन के संरक्षण में खेले जा रहे हैं : बाबूलाल

