रांची: दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) ने शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का भौतिक निरीक्षण किया. इस दौरान पार्किंग, बैरिकेडिंग, वाहनों के पड़ाव और जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन की व्यवस्था का जायजा लिया गया.
निरीक्षण के दौरान SSP ने पूजा पंडालों के आसपास यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की. पूजा के दौरान पंडालों में उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने और वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित रखने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
निरीक्षण के क्रम में पूजा पंडालों के आसपास स्थित पार्किंग स्थलों, वाहनों के व्यवस्थित पड़ाव और बैरिकेडिंग की व्यवस्था देखी गई. साथ ही, जिन स्थानों पर जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन किया जा सकता है, वहां की स्थिति का भी जायजा लिया गया. पुलिस अधिकारियों को श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम रखने और भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए.
इस दौरान पुलिस अधीक्षक, नगर; पुलिस अधीक्षक, यातायात; अपर पुलिस अधीक्षक, कोतवाली; पुलिस उपाधीक्षक, नगर और संबंधित स्थानीय थाना प्रभारी उपस्थित थे.
श्रद्धालुओं से यातायात नियमों के पालन की अपील
रांची पुलिस ने कहा है कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध किए जा रहे हैं.
पुलिस ने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने और पुलिस प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की है, ताकि दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके.
Also Read : ओडिशा में भी चिंता करेंगे कि बीजेपी को दलितों का अधिक से अधिक वोट मिलेः नवनियुक्त राज्यपाल ब्रजमोहन राम

