NIA ने बुधवार को देश के अलग-अलग राज्यों में एक साथ बड़ी कार्रवाई की है. जांच एजेंसी ने ऑनलाइन टेरर रेडिकलाइजेशन (इंटरनेट के जरिए युवाओं को भड़काने) से जुड़े एक बड़े मामले में देशव्यापी छापेमारी की है. NIA के मुताबिक, इस पूरी साजिश का मकसद भारत की लोकतांत्रिक सरकार के खिलाफ हिंसक जिहाद छेड़ना था. ये लोग आईएसआईएस और अल-कायदा जैसे खतरनाक आतंकी संगठनों की विचारधारा को बढ़ावा देकर देश में ‘खिलाफत’ यानी इस्लामिक स्टेट कायम करना चाहते थे. इस मामले में जांच एजेंसी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, राजस्थान, गुजरात और दिल्ली समेत 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कुल 20 जगहों पर एक साथ छापे मारे. इस मामले में अब तक एक नाबालिग समेत कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है.
दरअसल, इस पूरे मामले की शुरुआत इसी साल मार्च में आंध्र प्रदेश की विजयवाड़ा पुलिस ने की थी. पुलिस ने मुख्य आरोपी रहमतुल्ला शरीफ मोहम्मद के घर पर छापा मारा था, जहां से प्रतिबंधित आतंकी संगठनों से जुड़ी कई आपत्तिजनक चीजें और दस्तावेज मिले थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए मई के महीने में एनआईए ने इस केस को अपने हाथ में ले लिया था.
बुधवार को जिन 20 ठिकानों पर छापेमारी की गई, वे हवा में नहीं की गई है. एनआईए ने पहले पकड़े गए आरोपियों के मोबाइल, लैपटॉप और अन्य डिजिटल डिवाइस की बारीकी से टेक्निकल जांच की थी. उनके कॉल रिकॉर्ड्स और इंटरनेट संपर्कों को खंगालने के बाद देश भर के इन 20 ठिकानों का पता चला था. आज की छापेमारी में भी कई नए डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. इनसे इस नेटवर्क के और भी राज खुलने की उम्मीद है.
NIA की जांच में एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. पकड़े गए आरोपी और उनके साथी देश के मासूम और संवेदनशील युवाओं को अपना शिकार बना रहे थे. इसके लिए वे इंटरनेट और सोशल मीडिया पर हिंसक जिहादी वीडियो, भड़काऊ बातें और झूठी खबरें (मिसइन्फर्मेशन) फैलाकर युवाओं का ब्रेनवॉश कर रहे थे ताकि उन्हें कट्टरपंथी बनाया जा सके. जांच में यह भी सामने आया है कि ये आरोपी भारत विरोधी साजिश को अंजाम देने और जिहादी विचारधारा को फैलाने के लिए विदेशों में बैठे अपने आकाओं के साथ लगातार ऑनलाइन बातचीत कर रहे थे. NIA अब इस साजिश में शामिल दूसरे लोगों की पहचान करने में जुटी है ताकि देश को अस्थिर करने की इस बड़ी साजिश को पूरी तरह से नाकाम किया जा सके.
Also Read : दिल्ली के मंच से सीएम हेमंत सोरेन का बड़ा संदेश- झारखंड के बिना अधूरी है देश की औद्योगिक तरक्की

